मध्य पूर्व में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव तथा कच्चे तेल की कीमतों में उछाल का असर बुधवार को भारतीय शेयर बाजार पर साफ दिखाई दिया। कारोबार शुरू होते ही निवेशकों की बिकवाली बढ़ने से सेंसेक्स 537.83 अंक टूटकर 77,642.89 पर और निफ्टी 163.55 अंक फिसलकर 24,235.15 पर पहुंच गया।
सेंसेक्स की 30 प्रमुख कंपनियों में एशियन पेंट्स, इंटरग्लोब एविएशन, रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईटीसी, बजाज फाइनेंस और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई। वहीं, सन फार्मा, एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, पावर ग्रिड और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर बढ़त के साथ कारोबार करते दिखे।
एशियाई बाजारों में जापान का निक्की 225 और दक्षिण कोरिया का कॉस्पी लाल निशान में रहे, जबकि चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त के साथ कारोबार करते नजर आए। अमेरिकी बाजार भी मंगलवार को कमजोरी के साथ बंद हुए थे। इस बीच, ब्रेंट क्रूड की कीमत करीब 2.55 फीसदी बढ़कर 76.05 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गई। हालांकि, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 393.19 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की थी।


