Business National

हॉलमार्क वाले सोने की शुद्धता पर सवाल, BIS की निगरानी में बड़ी लापरवाही उजागर

सोने के गहने खरीदते समय ग्राहक हॉलमार्क को शुद्धता की सरकारी गारंटी मानते हैं। लेकिन नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) की ड्राफ्ट ऑडिट रिपोर्ट में भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) की कार्यप्रणाली को लेकर कई गंभीर सवाल उठाए गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, BIS अपने रजिस्टर्ड ज्वैलर्स की दुकानों का नियमित निरीक्षण करने में पीछे रहा है। इससे हॉलमार्क वाले सोने की गुणवत्ता की निगरानी पर सवाल खड़े हो गए हैं।

पांच साल में 83 फीसदी ज्वैलर्स की जांच नहीं

CAG की रिपोर्ट में वित्त वर्ष 2020-21 से पिछले पांच वर्षों के आंकड़ों का विश्लेषण किया गया है। इसमें सामने आया कि इस अवधि में 83 फीसदी से अधिक पंजीकृत ज्वैलर्स की सालाना जांच नहीं हुई। वित्त वर्ष 2024-25 में देश के 28,865 लाइसेंसधारक ज्वैलर्स में से केवल 5,444 दुकानों का निरीक्षण किया गया। यानी करीब 81.13 फीसदी दुकानों की सरकारी स्तर पर जांच नहीं हो सकी।

हॉलमार्किंग केंद्र भी निगरानी से बाहर

रिपोर्ट में हॉलमार्किंग केंद्रों (AHCs) की निगरानी में भी कमी बताई गई है। इन्हीं केंद्रों पर सोने की शुद्धता जांचने के बाद छह अंकों वाला HUID नंबर जारी किया जाता है। CAG के मुताबिक, BIS इन केंद्रों की निगरानी के निर्धारित लक्ष्य से 43.7 फीसदी पीछे रहा।

ग्राहकों की चिंता बढ़ी

देश के 398 जिलों में सोने की अनिवार्य हॉलमार्किंग लागू है और करीब 2.3 लाख ज्वैलर्स BIS के साथ पंजीकृत हैं। ऐसे में दुकानों और जांच केंद्रों के नियमित निरीक्षण में कमी से ग्राहकों के हितों पर असर पड़ने की आशंका है।

BIS ने कर्मचारियों की कमी का दिया हवाला

BIS ने निरीक्षण में कमी के पीछे कर्मचारियों की कमी और दूरदराज के क्षेत्रों से सैंपल जुटाने में आने वाली कठिनाइयों का तर्क दिया। हालांकि, CAG ने इन दलीलों को स्वीकार नहीं किया। फिलहाल ड्राफ्ट रिपोर्ट पर उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय की अंतिम प्रतिक्रिया का इंतजार है। इसके बाद रिपोर्ट संसद में पेश की जाएगी।