Entertainment

DPIFF Awards 2026: ‘धुरंधर’ बनी बेस्ट फिल्म, अनीत पड्डा को बेस्ट एक्ट्रेस का सम्मान

दादा साहब फाल्के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (DPIFF) अवॉर्ड्स 2026 के विजेताओं की सूची सामने आ गई है। 20 नवंबर को जारी सूची में बॉलीवुड, दक्षिण भारतीय सिनेमा, टेलीविजन, ओटीटी और अंतरराष्ट्रीय मनोरंजन जगत की कई हस्तियों के नाम शामिल हैं। इस बार रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ ने प्रमुख श्रेणियों में अपनी जगह बनाई है।

‘धुरंधर‘ का दबदबा, रणवीर सिंह बने बेस्ट एक्टर

DPIFF 2026 की घोषित सूची के अनुसार, फिल्म ‘धुरंधर’ को सर्वश्रेष्ठ फिल्म चुना गया है, जबकि रणवीर सिंह को उनके अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार दिया जाएगा। फिल्म के निर्देशक आदित्य धर को बेस्ट डायरेक्टर और आदित्य धर, ज्योति देशपांडे तथा लोकेश धर को बेस्ट प्रोड्यूसर के सम्मान के लिए चुना गया है। फिल्म में अक्षय खन्ना के अभिनय को भी विशेष पहचान मिली है। वहीं, फिल्म ‘सैयारा’ से लोकप्रिय हुईं अनीत पड्डा को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री चुना गया है। इसी फिल्म के टाइटल ट्रैक को सॉन्ग ऑफ द ईयर का सम्मान मिलेगा। यामी गौतम धर को क्रिटिक्स बेस्ट एक्ट्रेस की श्रेणी में चुना गया है।

कमल हासन, ऋषभ शेट्टी और इलैयाराजा को भी सम्मान

दक्षिण भारतीय सिनेमा की बात करें तो दिग्गज अभिनेता कमल हासन को फिल्म उद्योग में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। ‘कंतारा चैप्टर 1’ को क्रिटिक्स बेस्ट फिल्म और ऋषभ शेट्टी को क्रिटिक्स बेस्ट एक्टर चुना गया है। प्रसिद्ध संगीतकार इलैयाराजा को भी संगीत जगत में उनके योगदान के लिए विशेष सम्मान दिया जाएगा। इसके अलावा रितेश देशमुख को हास्य भूमिका में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और स्टैंडअप कॉमेडियन समय रैना को कॉमेडियन ऑफ द ईयर के लिए चुना गया है।

ओटीटी पर आर्यन खान और जयदीप अहलावत का जलवा

वेब सीरीज की श्रेणी में आर्यन खान को ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक चुना गया है। इसी सीरीज को बेस्ट वेब सीरीज का सम्मान मिलेगा। ‘पाताल लोक’ के लिए जयदीप अहलावत को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और ‘दिल्ली क्राइम 3’ के लिए शेफाली शाह को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री चुना गया है। टेलीविजन की दुनिया में ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ को टीवी सीरीज ऑफ द ईयर चुना गया है। वहीं, स्मृति ईरानी को ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ में उनके अभिनय के लिए सम्मानित किया जाएगा।

टेलर स्विफ्ट और जेम्स कैमरून का नाम भी शामिल

DPIFF 2026 की अंतरराष्ट्रीय श्रेणी में पॉप स्टार टेलर स्विफ्ट को इंटरनेशनल आर्टिस्ट ऑफ द ईयर के लिए चुना गया है। हॉलीवुड के प्रसिद्ध फिल्म निर्माता जेम्स कैमरून को वैश्विक सिनेमा में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। उनकी फिल्म ‘अवतार: फायर एंड ऐश’ को सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म की श्रेणी में चुना गया है। इस साल की घोषित पुरस्कार सूची में भारतीय सिनेमा के साथ ओटीटी, टेलीविजन, संगीत और अंतरराष्ट्रीय मनोरंजन जगत को भी प्रमुखता दी गई है।