Business National

PM Modi की उद्योगपतियों से अपील, अगले 20 साल निवेश के लिए भारत को दें पहली प्राथमिकता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के उद्योगपतियों और कारोबारियों से अगले दो दशकों तक अपने दीर्घकालिक निवेश से जुड़े फैसलों में भारत को प्राथमिकता देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि भारत में निवेश बढ़ने से अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी, आत्मनिर्भरता का लक्ष्य हासिल करने में मदद मिलेगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। प्रधानमंत्री गुरुवार को फिक्की (FICCI) के 100वें स्थापना समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने महात्मा गांधी के स्वदेशी आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि करीब 100 साल पहले गांधी जी ने देश में निर्मित वस्तुओं को अपनाने और आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने का संदेश दिया था। आज भी उनकी यह सोच उतनी ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने उद्योग जगत से स्वदेशी की भावना को देश के प्रत्येक घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

किसानों और कारोबारियों को सम्मान देना जरूरी

पीएम मोदी ने कृषि क्षेत्र में निवेश बढ़ाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि देश की आर्थिक तरक्की के लिए किसानों, छोटे व्यापारियों, उद्योगपतियों, निवेशकों और करदाताओं का सम्मान बेहद जरूरी है। गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए अपने शुरुआती अनुभवों को साझा करते हुए उन्होंने बताया कि 2001-02 के दौरान उन्होंने आयकर अधिकारियों से करदाताओं को संदेह की नजर से देखने की मानसिकता बदलने की बात कही थी।

टैक्स में राहत और रोजगार पर उठाए सवाल

प्रधानमंत्री ने टैक्स सुधारों का जिक्र करते हुए कहा कि 2014 के बाद कॉरपोरेट टैक्स की मूल दर 30 प्रतिशत से घटाकर 22 प्रतिशत की गई। वहीं, 12 लाख रुपये तक की आय पर आयकर छूट का प्रावधान भी लागू किया गया है। उन्होंने उद्योगपतियों से पूछा कि टैक्स में राहत मिलने के बाद कंपनियों ने कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाने और नए रोजगार देने के लिए कितने कदम उठाए हैं। उन्होंने आयकर रिटर्न और रिफंड प्रक्रिया के आसान होने की बात भी कही।

50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आने का दावा

पीएम मोदी ने विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि पिछले 12-13 वर्षों में करीब 50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर आए हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर नीतियों और प्रभावी योजनाओं से लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। प्रधानमंत्री ने उद्योग जगत से निवेश बढ़ाकर देश की आर्थिक ताकत मजबूत करने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की अपील की।