Uttar Pradesh

अयोध्या में बनेगा दुनिया का अनूठा 7D रामकथा संग्रहालय, आधुनिक तकनीक से जीवंत होंगी प्रभु श्रीराम की लीलाएं

अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में सरयू तट पर अंतरराष्ट्रीय रामकथा संग्रहालय को विश्वस्तरीय स्वरूप देने की तैयारी तेज हो गई है। इस संग्रहालय की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि यहां श्रद्धालु आधुनिक 7D तकनीक के माध्यम से प्रभु श्रीराम के जीवन से जुड़े प्रसंगों और लीलाओं का अनुभव कर सकेंगे। करीब 200 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित किए जा रहे इस संग्रहालय में कुल 20 गैलरियां बनाई जा रही हैं।

संग्रहालय में 7D, 3D और अन्य अत्याधुनिक तकनीकों के जरिए रामायण के प्रमुख प्रसंगों, श्रीराम के इतिहास और राम मंदिर आंदोलन के विभिन्न संघर्षों को साक्ष्यों के साथ प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अलावा विदेशी रामलीला को समर्पित विशेष गैलरी भी तैयार की जा रही है। करीब 620 वर्ग मीटर क्षेत्र में बनने वाली इस गैलरी में 36 देशों में मंचित होने वाली रामलीलाओं की झलक देखने को मिलेगी।

अंतरराष्ट्रीय रामकथा संग्रहालय के निदेशक डॉ. संजीव कुमार सिंह के अनुसार, सभी गैलरियों की स्क्रिप्ट तैयार कर अनुमोदित कर दी गई है। अब तकनीकी प्रस्तुति के लिए टेंडर जारी किए जाएंगे। भवन के जीर्णोद्धार का कार्य पूरा हो चुका है और गैलरियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

संग्रहालय में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रिसेप्शन, टिकट काउंटर, सामान रखने की व्यवस्था और कैफेटेरिया भी बनाया जाएगा। गैलरियों की क्षमता के अनुसार सीमित संख्या में श्रद्धालुओं को समूहों में प्रवेश दिया जाएगा, ताकि वे रामकथा का बेहतर अनुभव कर सकें।