राजधानी दिल्ली में रोजाना लगने वाले ट्रैफिक जाम से वाहन चालकों को जल्द बड़ी राहत मिल सकती है। दिल्ली नगर निगम (MCD) राजधानी के 154 एंट्री पॉइंट पर मल्टी-लेन फ्री-फ्लो (MLFF) टोल सिस्टम लागू करने की तैयारी कर रहा है। इस आधुनिक व्यवस्था के शुरू होने के बाद दिल्ली में प्रवेश करने वाले वाहनों को टोल टैक्स चुकाने के लिए रुकना नहीं पड़ेगा। इससे टोल प्लाजा पर लगने वाली लंबी कतारों से छुटकारा मिलने की उम्मीद है।
फिलहाल दिल्ली के कई प्रवेश मार्गों पर टोल भुगतान के लिए वाहनों को रुकना पड़ता है, जिससे खासकर व्यस्त समय में जाम की स्थिति बन जाती है। नई व्यवस्था के तहत वाहन बिना रुके टोल पॉइंट से गुजर सकेंगे। जानकारी के मुताबिक, कुछ एंट्री पॉइंट पर इस सिस्टम को लगाया जा चुका है और ट्रायल भी किया जा रहा है। लोगों को इसकी जानकारी देने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।
MLFF सिस्टम रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन (RFID) और ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) तकनीक पर काम करेगा। सड़क पर लगे सेंसर और रीडर वाहन के FASTag को स्कैन करेंगे, जबकि स्मार्ट कैमरे नंबर प्लेट की पहचान करेंगे। इसके आधार पर निर्धारित टोल राशि की वसूली की जाएगी। इस तकनीक से टोल भुगतान में लगने वाला समय कम होगा। साथ ही बार-बार रुकने और वाहनों के जमा होने से होने वाले ईंधन खर्च तथा प्रदूषण में भी कमी आने की उम्मीद है।


