देश के वायदा बाजार मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) में सोने की कीमतों में गिरावट का सिलसिला लगातार चौथे कारोबारी दिन भी जारी रहा। धनतेरस के बाद से सोना करीब 10 फीसदी तक सस्ता हो चुका है। दूसरी ओर चांदी की कीमतों में तेजी देखने को मिल रही है। बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, डॉलर इंडेक्स और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी के चलते सोने की कीमतों पर दबाव बना हुआ है।कारोबारी सत्र के दौरान सोने का भाव 1,504 रुपये गिरकर 1,28,310 रुपये प्रति 10 ग्राम के निचले स्तर पर पहुंच गया। चार दिनों में सोने की कीमत कुल 8,385 रुपये कम हो चुकी है। बुधवार को बाजार बंद होने पर सोना 1,29,814 रुपये प्रति 10 ग्राम पर था।
धनतेरस के बाद 13,857 रुपये सस्ता हुआ सोना
आंकड़ों के अनुसार, 6 नवंबर को धनतेरस के बाद वायदा बाजार में सोने का भाव 1,42,167 रुपये प्रति 10 ग्राम था। अब तक इसमें 13,857 रुपये की गिरावट दर्ज की जा चुकी है। नवंबर महीने में ही सोना 11,876 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हुआ है।
क्या एक लाख रुपये तक पहुंचेगा सोना?
कमोडिटी विशेषज्ञ अनुज गुप्ता के अनुसार, अमेरिकी फेडरल रिजर्व की आगामी बैठक और ब्याज दरों में संभावित बढ़ोतरी का असर सोने की कीमतों पर पड़ सकता है। ब्याज दरों में 0.25 फीसदी से लेकर 0.50 फीसदी तक की बढ़ोतरी की आशंकाओं के बीच सोने और चांदी पर दबाव बढ़ सकता है। हालांकि, बाजार की दिशा कई आर्थिक संकेतकों पर निर्भर करेगी।
चांदी की कीमतों में आई तेजी
सोने के विपरीत चांदी में तेजी दर्ज की गई। कारोबार के दौरान चांदी 1,441 रुपये बढ़कर 1,62,175 रुपये प्रति किलोग्राम के उच्च स्तर पर पहुंच गई। सुबह बाजार खुलने पर इसका भाव 1,60,325 रुपये था। बुधवार को चांदी 1,60,734 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।


