Chandigarh

चंडीगढ़ में पुराने ट्रैफिक चालानों पर बड़ी राहत, 500 रुपये का चालान अब सिर्फ 100 रुपये में होगा जमा

चंडीगढ़ के वाहन चालकों के लिए राहत भरी खबर है। जिला अदालत ने पुराने लंबित ट्रैफिक चालानों के निपटारे के लिए 16 नवंबर, सोमवार से विशेष अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत मोटर वाहन अधिनियम की धारा 177 के अंतर्गत जारी किए गए चालानों को कम राशि में निपटाने का मौका दिया जा रहा है। अभियान में जेब्रा क्रॉसिंग का उल्लंघन और गलत जगह वाहन पार्क करने जैसे मामलों में जारी 500 रुपये तक के चालानों का भुगतान महज 100 रुपये में किया जा सकेगा।

पहले चरण में सितंबर 2023 से मार्च 2024 के बीच जारी किए गए करीब 8500 पुराने चालानों को शामिल किया गया है। इन सभी चालानों को 17 अदालतों में बांटा गया है। प्रत्येक अदालत को लगभग 500 चालानों के निपटारे की जिम्मेदारी दी गई है। जिला अदालत की आधिकारिक वेबसाइट पर इन सभी 8500 चालानों की सूची अपलोड की गई है। वाहन चालक अपने चालान की जानकारी प्राप्त कर संबंधित अदालत के लिए उपलब्ध कराए गए अलग-अलग भुगतान लिंक के जरिए राशि जमा कर सकते हैं।

ऑनलाइन और अदालत परिसर में भुगतान की सुविधा

वाहन चालकों को चालान का भुगतान करने के लिए ऑनलाइन सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा, जिला अदालत परिसर में स्थापित पेमेंट मशीनों के माध्यम से भी भुगतान किया जा सकता है। यूपीआई से पैसे जमा करने पर किसी तरह का अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा। वहीं, एनईएफटी और नेट बैंकिंग से भुगतान करने पर बैंक की ओर से निर्धारित मामूली शुल्क लग सकता है। अदालत प्रशासन ने चालान से संबंधित जानकारी वाहन मालिकों को ऑटो जनरेटेड सीआईएस सिस्टम के जरिए भेजी है। इन संदेशों में चालान का टीआरएफ नंबर और चालान जारी होने की तारीख जैसी जानकारियां शामिल होंगी।

फर्जी लिंक से रहें सावधान

साइबर ठगी की आशंका को देखते हुए अदालत की ओर से भेजे जाने वाले संदेशों में कोई भुगतान लिंक नहीं दिया गया है। वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे किसी अनजान लिंक पर क्लिक करके भुगतान न करें और चालान की राशि जमा करने के लिए केवल चंडीगढ़ जिला अदालत की आधिकारिक वेबसाइट का ही इस्तेमाल करें।