Chandigarh

चंडीगढ़: घर बैठे होंगे एस्टेट ऑफिस के काम, ‘ई-संपदा सीएचडी’ ऐप लॉन्च

चंडीगढ़वासियों के लिए राहत की खबर है। अब एस्टेट ऑफिस से जुड़े कई जरूरी काम लोगों को कार्यालय के चक्कर लगाए बिना मोबाइल से ही करने की सुविधा मिलेगी। इसके लिए ‘ई-संपदा सीएचडी’ मोबाइल एप्लिकेशन लॉन्च किया गया है। पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने बुधवार को रामदरबार स्थित कम्युनिटी सेंटर में आयोजित समाधान शिविर से पहले इस ऐप को लॉन्च किया। फिलहाल यह एप्लिकेशन एंड्रॉइड यूजर्स के लिए गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है। जल्द ही इसका आईओएस वर्जन भी जारी किया जाएगा।

ऐप का उद्देश्य एस्टेट ऑफिस की सेवाओं को फेसलेस और ऑनलाइन बनाना है। यानी आवेदन जमा करने से लेकर उसकी अंतिम मंजूरी तक की प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से पूरी की जा सकेगी। इस सुविधा से लोगों का समय और आने-जाने का खर्च बचेगा। उन्हें बार-बार एस्टेट ऑफिस जाने और लंबी कतारों में खड़े होने की जरूरत नहीं होगी। ऐप के माध्यम से ऑनलाइन अपॉइंटमेंट भी लिया जा सकेगा। प्रॉपर्टी खरीदने वाले लोग संपत्ति से जुड़ी जरूरी जानकारी और रिकॉर्ड ऑनलाइन देखकर संभावित धोखाधड़ी से भी बच सकते हैं।

ऐप की एक अहम सुविधा आवेदन की रियल-टाइम ट्रैकिंग है। आवेदक यह देख सकेंगे कि उनकी फाइल किस स्तर पर है और किस अधिकारी के पास लंबित है। विभाग की ओर से किसी आपत्ति या अतिरिक्त दस्तावेज की जरूरत होने पर उसकी जानकारी भी ऐप पर मिल सकेगी। इसके अलावा ऐप पर प्रॉपर्टी वेरिफिकेशन, वसीयत, सेल डीड या कन्वेंस डीड के आधार पर ऑनलाइन प्रॉपर्टी ट्रांसफर, बकाया राशि की जांच, एनओसी और नो-ड्यूज सर्टिफिकेट के लिए आवेदन जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। संपत्ति से संबंधित शिकायत दर्ज कराने और उसकी स्थिति ट्रैक करने की सुविधा भी दी गई है। स्मार्टफोन का इस्तेमाल न कर पाने वाले लोग नजदीकी संपर्क केंद्र के जरिए इन सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।