Chandigarh

चंडीगढ़ नगर निगम में रिश्वत का खेल! 5 लाख लेते सैनिटरी इंस्पेक्टर को CBI ने दबोचा

चंडीगढ़ नगर निगम में भ्रष्टाचार के खिलाफ केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने नगर निगम में तैनात एक सैनिटरी इंस्पेक्टर को 5 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि अधिकारी ने एक ठेकेदार से उसके लंबित और भविष्य के बिलों को पास कराने के बदले कुल 14 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। CBI के अनुसार, यह मामला डंपिंग ग्राउंड पर जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से कचरा उठाने के ठेके से जुड़ा है। आरोप है कि सैनिटरी इंस्पेक्टर ने ठेकेदार से हर महीने एक लाख रुपये देने की मांग की थी। ठेकेदार की फर्म के करीब 10 लाख रुपये मासिक बिल बताए जा रहे हैं। रिश्वत नहीं देने पर बिल रोकने और फर्म का टेंडर रद्द कराने की धमकी देने का भी आरोप है।

शिकायत मिलने के बाद CBI ने आरोपों का सत्यापन किया। इसके बाद 7 अक्टूबर को ट्रैप ऑपरेशन चलाया गया। इसी दौरान अधिकारी को मांगी गई 14 लाख रुपये की रिश्वत की पहली किस्त के तौर पर 5 लाख रुपये लेते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद CBI ने आरोपी के घर और कार्यालय में तलाशी ली। इस दौरान कुछ आपत्तिजनक दस्तावेजों के अलावा संपत्ति से जुड़े कागजात भी बरामद किए गए हैं। जांच एजेंसी अब इन दस्तावेजों की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश में जुटी है कि आरोपी पहले भी किसी रिश्वतखोरी में शामिल रहा है या नहीं। मामले की जांच जारी है और आरोपी को 8 अक्टूबर को अदालत में पेश किया जाना है। गौरतलब है कि चंडीगढ़ नगर निगम के सैनिटेशन विभाग में रिश्वत का यह पहला मामला नहीं है। अगस्त 2023 में भी CBI ने दो अधिकारियों को रिश्वत के आरोप में गिरफ्तार किया था। ताजा कार्रवाई के बाद नगर निगम में भ्रष्टाचार को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।