राजधानी दिल्ली में जेलों में बढ़ती कैदियों की संख्या और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों को देखते हुए नरेला में एक अत्याधुनिक हाई-सिक्योरिटी जेल का निर्माण किया जा रहा है। करीब 40 एकड़ जमीन पर बनने वाली इस जेल पर लगभग 150 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसका डिजाइन अमेरिका के कोलोराडो स्थित ADX फ्लोरेंस जेल की तर्ज पर तैयार किया जा रहा है, जिसे दुनिया की सबसे सुरक्षित जेलों में शामिल किया जाता है।
नई जेल में सुरक्षा के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल होगा। पूरे परिसर के चारों ओर 12 फीट ऊंची कंटीली तारों की बाड़ लगाई जाएगी। साथ ही लेजर बीम और एंटी-टनल उपकरणों के जरिए अनधिकृत गतिविधियों और सुरंग बनाकर भागने की कोशिशों पर नजर रखी जाएगी। जेल के प्रत्येक कैदी के लिए अलग सेल बनाया जाएगा। सेल में बिस्तर, मेज, स्टूल, सिंक और शौचालय जैसी सुविधाएं कंक्रीट से तैयार की जाएंगी, ताकि ढीली वस्तुओं का दुरुपयोग न हो सके। प्रत्येक सेल में शौचालय और स्नानघर की सुविधा भी होगी।
निगरानी व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए AI आधारित CCTV कैमरे, मोशन डिटेक्टर और फर्श में प्रेशर सेंसर लगाए जाएंगे। केंद्रीय नियंत्रण कक्ष से जेल के सभी विंग और बैरकों पर नजर रखी जा सकेगी। हालांकि, निर्माण स्थल की दलदली मिट्टी और ऊंचा भूजल स्तर चुनौती बने हुए हैं। इससे निपटने के लिए करीब 6,000 पाइल्स बनाई जा रही हैं और 1.25 लाख घन मीटर मिट्टी भरी जा रही है। गौरतलब है कि तिहाड़, मंडोली और रोहिणी जेलों की क्षमता करीब 10,026 कैदियों की है, जबकि वहां 19,500 से अधिक कैदी बंद हैं। नई जेल बनने से इस दबाव को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।


