Chandigarh

अमित शाह का चंडीगढ़ दौरा: पुलिस को मिला राष्ट्रपति पुलिस कलर, 2,152 AI कैमरे लगाने का ऐलान

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को चंडीगढ़ पहुंचे। चंडीगढ़ के 60वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने शिरकत की। हालांकि, पंजाब विधानसभा और चंडीगढ़ नगर निगम चुनावों से पहले उनके इस दौरे को राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है। शाह शनिवार देर शाम चंडीगढ़ पहुंचे थे और पंचकूला में रात बिताई। रविवार सुबह करीब 10:20 बजे वह सेक्टर-26 स्थित पुलिस लाइन पहुंचे, जहां चंडीगढ़ पुलिस ने परेड के माध्यम से उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर सम्मान प्रदान किया और नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

गृह मंत्री ने चंडीगढ़ पुलिस के कामकाज की तारीफ करते हुए कहा कि शहर का पुलिस रिस्पॉन्स टाइम चार मिनट है और देश में यह दूसरे स्थान पर है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए वाहन शामिल होने के बाद चंडीगढ़ पुलिस अगले साल पहले स्थान पर पहुंच जाएगी। शाह ने आतंकवाद के दौर में पुलिस के साहस और समर्पण की सराहना की। साथ ही चंडीगढ़ के बीट पुलिसिंग मॉडल को देश के लिए उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से नागरिकों को पासपोर्ट, एनओसी और पुलिस प्रमाणपत्र जैसी सेवाएं आसानी से मिल रही हैं।कार्यक्रम में शाह ने चंडीगढ़ को नशामुक्त पुलिस यूनिट बनाने की घोषणा की। इसके अलावा शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए 2,152 अतिरिक्त एआई आधारित सीसीटीवी कैमरे उपलब्ध कराने की बात कही। वर्तमान में शहर में करीब 2,130 कैमरे लगे हैं।

उन्होंने नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन की प्रशंसा करते हुए बताया कि चंडीगढ़ पुलिस ने करीब 85 प्रतिशत मामलों में दोषसिद्धि हासिल की है। औसतन 140 दिनों में न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने को भी उन्होंने महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। इस अवसर पर पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया, डीजीपी डॉ. सागर प्रीत हुड्डा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। शाह ने शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि देकर उनके बलिदान को भी नमन किया।