Chandigarh Politics

चंडीगढ़ निगम चुनाव के लिए AAP की पहली सूची जारी, BJP-कांग्रेस पर प्रत्याशी घोषित करने का दबाव

चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। दिसंबर में संभावित चुनावों को देखते हुए आम आदमी पार्टी (आप) ने अपने नौ उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इसके बाद अब भाजपा और कांग्रेस पर भी जल्द प्रत्याशियों के नाम घोषित करने का दबाव बढ़ गया है। दोनों दलों में टिकट वितरण को लेकर बैठकों और अंदरूनी चर्चाओं का दौर जारी है। कांग्रेस की चुनाव कमेटी की बैठक शनिवार को प्रस्तावित है, जिसमें संभावित उम्मीदवारों के नामों पर विचार किया जाएगा। वहीं, भाजपा ने अभी तक अपनी चुनाव कमेटी का गठन नहीं किया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता अपने स्तर पर वार्डवार दावेदारों की जानकारी जुटाने में लगे हैं। इस बार टिकट वितरण में सर्वे रिपोर्ट को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा और आप दोनों ही अपने स्तर पर वार्डों में उम्मीदवारों की लोकप्रियता, जनाधार और चुनाव जीतने की संभावनाओं का आकलन करवा रही हैं। सर्वे के नतीजे सामने आने के बाद ही बाकी सीटों पर उम्मीदवारों के नाम तय किए जाने की संभावना है।

अकाली दल के साथ गठबंधन पर भाजपा की रणनीति

भाजपा के लिए उम्मीदवारों का चयन करने के साथ-साथ शिरोमणि अकाली दल के साथ संभावित गठबंधन भी बड़ी चुनौती बना हुआ है। गठबंधन पर अंतिम स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही सीटों के बंटवारे का खाका तैयार होगा। अकाली दल भी भाजपा के फैसले का इंतजार कर रहा है, ताकि अपने प्रभाव वाले वार्डों में उम्मीदवार उतारने की तैयारी कर सके।

10 सीटों की मांग पर अड़ा अकाली दल

पिछले नगर निगम चुनाव में भाजपा 26 वार्डों में से चार सीटें अकाली दल के लिए छोड़ती रही थी। हालांकि, अब वार्डों की संख्या बढ़कर 35 हो गई है। इसी आधार पर अकाली दल इस बार कम से कम 10 सीटों की मांग कर रहा है। सीटों के बंटवारे पर सहमति बनाना दोनों दलों के लिए अहम होगा। अकाली दल को अधिक सीटें देने की स्थिति में भाजपा को अपने दावेदारों के बीच नए सिरे से तालमेल बैठाना पड़ सकता है। ऐसे में गठबंधन और टिकट वितरण के फैसले चंडीगढ़ की चुनावी राजनीति की दिशा तय करेंगे।