Haryana

हरियाणा में टैक्स-फ्री हुई कंगना रनौत की ‘भारत भाग्य विधाता’ फिल्म, मुख्यमंत्री नायब सैनी ने की घोषणा

हरियाणा सरकार ने देशभक्ति और जनसेवा की भावना को समर्पित फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ को राज्य में टैक्स-फ्री करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में आयोजित फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग के दौरान यह घोषणा की। इस अवसर पर सांसद एवं अभिनेत्री कंगना रनौत सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की असली शक्ति उसके आम नागरिक हैं, जो अपने कर्तव्य और सेवा भाव से देश को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि डॉक्टर, नर्स, पुलिसकर्मी, सुरक्षा बलों के जवान और समाजसेवी ही देश के वास्तविक “भाग्य विधाता” हैं, जिनके समर्पण से राष्ट्र मजबूत बनता है।

26/11 मुंबई आतंकी हमलों की पृष्ठभूमि पर आधारित इस फिल्म की सराहना करते हुए सैनी ने कहा कि यह केवल एक सिनेमाई प्रस्तुति नहीं, बल्कि साहस, कर्तव्यनिष्ठा और मानवता की प्रेरक कहानी है। उन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों और अन्य फ्रंटलाइन वर्कर्स के योगदान को भी याद किया और कहा कि सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं होता।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में जनसेवा से जुड़े डॉक्टरों, नर्सिंग अधिकारियों, पुलिसकर्मियों, अग्निशमन कर्मियों और अन्य कर्मयोगियों को सम्मानित किया गया। महिला सशक्तिकरण पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय महिलाएं समाज और परिवार की आधारशिला हैं तथा संकट की घड़ी में नेतृत्व की महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने केंद्र सरकार की ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे महिलाओं की भागीदारी और सशक्तिकरण को नई दिशा मिली है।

राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत ने आतंकवाद के सामने कभी झुकना नहीं सीखा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आतंकवाद के खिलाफ चल रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सिनेमा समाज को जागरूक करने और सकारात्मक संदेश देने का प्रभावी माध्यम है।