Haryana Panchkula

पंचकूला में स्वाइन फ्लू की दस्तक, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट; मरीज होम आइसोलेशन में

पंचकूला में स्वाइन फ्लू का एक मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। एमडीसी सेक्टर-4 निवासी 45 वर्षीय व्यक्ति में संक्रमण की पुष्टि हुई है। मरीज की जांच पीजीआई चंडीगढ़ में कराई गई थी, जहां रिपोर्ट पॉजिटिव आई। फिलहाल मरीज को घर पर ही आइसोलेशन में रखा गया है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। सिविल अस्पताल के पीएमओ डॉ. आरएस चौहान और पंचकूला में इंटीग्रेटेड डिजीज सर्विलांस प्रोग्राम की प्रभारी डॉ. सोनू अरोड़ा ने मामले की पुष्टि की है। स्वास्थ्य विभाग की टीम मरीज की रोजाना निगरानी कर रही है। इसके अलावा संक्रमण की संभावित रोकथाम के लिए परिवार के अन्य सदस्यों के भी सैंपल लिए जा रहे हैं।

डॉ. सोनू अरोड़ा के मुताबिक, मौसमी बीमारियों से निपटने के लिए सिविल अस्पताल में 10 बेड का विशेष वार्ड पहले से तैयार है। यहां जरूरी दवाइयों के साथ मास्क और अन्य सुरक्षा उपकरण पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। मानसून के दौरान स्वाइन फ्लू के अलावा डेंगू और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए विभाग ने पहले से ही तैयारियां कर रखी हैं। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में स्वाइन फ्लू के और मामले सामने आते हैं तो मरीजों को जरूरत के अनुसार आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर उपचार दिया जाएगा। इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं तैयार रखी गई हैं। वहीं, आशा कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर लोगों को मौसमी बीमारियों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने लोगों से लक्षण दिखाई देने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने और संक्रमण से बचाव के लिए सावधानी बरतने की अपील की है।