Tamil Nadu

सरकारी अस्पताल में जन्मे बच्चों को मिलेगी 1 ग्राम सोने की अंगूठी, CM विजय करेंगे कल योजना का शुभारंभ

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय सोमवार को मदुरै के सरकारी राजाजी अस्पताल से ‘थाईमामन थंगा मोथिरम थिट्टम’ योजना की शुरुआत करेंगे। इस योजना के तहत सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले पात्र नवजात शिशुओं को 22 कैरेट सोने की एक ग्राम की अंगूठी दी जाएगी। मुख्यमंत्री विशेष विमान से मदुरै पहुंचकर जीआरएच सभागार में योजना का शुभारंभ करेंगे और पहले चरण में 25 नवजात शिशुओं को अपने हाथों से अंगूठियां प्रदान करेंगे। इसके बाद वह प्रसूति वार्ड का दौरा कर उस दिन जन्म लेने वाले बच्चों को भी अंगूठियां देंगे।

योजना का लाभ लेने के लिए नवजात की मां का तमिलनाडु की स्थायी निवासी होना अनिवार्य है। यह योजना पहले दिवंगत मुख्यमंत्री सी. एन. अन्नादुरै की जयंती 15 सितंबर को शुरू की जानी थी, लेकिन विजय की लंदन यात्रा के कारण इसका शुभारंभ टाल दिया गया था। सरकार ने इस कल्याणकारी योजना के लिए सालाना 755.83 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। पहले चरण में करीब 1.28 लाख सोने की अंगूठियां तैयार की गई हैं। योजना का उद्देश्य सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले पात्र बच्चों के परिवारों को सहायता प्रदान करना है।