दक्षिण अफ्रीका में गोलीबारी की दो अलग-अलग घटनाओं ने सनसनी फैला दी है। पुलिस के मुताबिक, देश के दो प्रमुख शहरों के आसपास हुई इन वारदातों में कम से कम 27 लोगों की मौत हुई है, जबकि कई अन्य घायल हैं। दोनों घटनाओं में हमलावरों की पहचान और गोलीबारी के पीछे की वजह का अभी पता नहीं चल पाया है।
पहली घटना जोहान्सबर्ग के दक्षिण-पश्चिम में स्थित वेडेला टाउनशिप में शनिवार रात हुई। पुलिस के अनुसार, हथियारों से लैस कुछ संदिग्ध एक बार में पहुंचे और वहां अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों के पास AK-47 राइफल और पिस्तौल होने की बात सामने आई है। इस हमले में 17 लोगों की मौत हो गई। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बार के अंदर लोग बातचीत और डांस करते नजर आते हैं। इसी दौरान अचानक गोलियों की आवाज सुनाई देती है और वहां अफरा-तफरी मच जाती है।
दूसरी घटना केप टाउन के पास लवांडले इलाके में रविवार तड़के करीब 1 बजे हुई। पुलिस के मुताबिक, एक स्टोर को निशाना बनाकर की गई गोलीबारी में 10 लोगों की जान चली गई। घायल लोगों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस और मेडिकल टीमें घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।
पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है। अभी तक किसी संदिग्ध की गिरफ्तारी नहीं हुई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, अधिकारियों को कई हमलावरों की तलाश है। इन घटनाओं से कुछ दिन पहले डरबन के पास एक हाउस पार्टी में भी गोलीबारी हुई थी, जिसमें एक गर्भवती महिला समेत 11 लोगों की मौत हुई थी।


