Tamil Nadu

तमिलनाडु में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं को बड़ी राहत, उम्र सीमा में 5 साल की छूट का ऐलान

तमिलनाडु में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए राहत की खबर है। मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने सरकारी भर्तियों में अधिकतम आयु सीमा 5 साल बढ़ाने का आदेश जारी किया है। राज्य सरकार के मुताबिक, यह छूट अगले पांच वर्षों तक प्रभावी रहेगी। इस फैसले से उन उम्मीदवारों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है, जो निर्धारित आयु सीमा पार होने के कारण सरकारी भर्ती परीक्षाओं में शामिल नहीं हो पा रहे थे।

तमिलनाडु सरकार ने शुक्रवार को जारी आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों की मांगों पर विचार करने के बाद मुख्यमंत्री ने यह फैसला लिया है। यह पांच साल की अतिरिक्त छूट पहले से मिल रही आयु संबंधी रियायतों के अलावा होगी। सरकार द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, ग्रुप-I की भर्तियों में सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों की अधिकतम आयु सीमा 32 से बढ़कर 37 वर्ष और आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों की 37 से बढ़कर 42 वर्ष हो जाएगी। वहीं, दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए सामान्य वर्ग में आयु सीमा 42 से 47 वर्ष और आरक्षित वर्ग में 47 से 52 वर्ष कर दी जाएगी।

इसी तरह, ग्रुप-II और ग्रुप-IIA की भर्तियों में सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों की आयु सीमा 30 से बढ़ाकर 35 वर्ष और दिव्यांग सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों की 40 से 45 वर्ष होगी। इन पदों पर आरक्षित वर्ग के लिए पहले से कोई अधिकतम आयु सीमा निर्धारित नहीं है। सरकार के इस फैसले से आगामी पांच वर्षों में ज्यादा अभ्यर्थियों को भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने का अवसर मिलेगा।