पाकिस्तान के लाहौर में वायु प्रदूषण की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। शहर की बिगड़ती हवा के लिए पाकिस्तान ने भारत को जिम्मेदार ठहराया है। पाकिस्तानी अधिकारियों का आरोप है कि भारत में दिवाली के दौरान जलाए गए पटाखों का धुआं सीमा पार कर पंजाब प्रांत तक पहुंचा, जिससे लाहौर की हवा जहरीली हो गई।
स्विस संगठन IQAir की मंगलवार को जारी रैंकिंग में लाहौर लगातार दूसरे दिन दुनिया के सबसे प्रदूषित बड़े शहरों में पहले स्थान पर रहा। यहां वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 263 दर्ज किया गया, जो बेहद अस्वास्थ्यकर श्रेणी में आता है। रिपोर्ट के मुताबिक, शहर में PM2.5 प्रदूषकों का स्तर विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के वार्षिक मानक से 37.2 गुना अधिक रहा। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की पर्यावरण संरक्षण मंत्री मरियम औरंगजेब ने दावा किया कि दिवाली के बाद भारत की ओर से चलने वाली हवाओं के साथ प्रदूषित कण पाकिस्तान पहुंचे। हालांकि, उन्होंने मौसम और हवा की दिशा में बदलाव के बाद प्रदूषण घटने की उम्मीद जताई।
दूसरी ओर, भारत की राजधानी दिल्ली भी प्रदूषण से बेहाल है। IQAir की सूची में दिल्ली 188 AQI के साथ दूसरे स्थान पर रही। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, दिवाली के अगले दिन दिल्ली में PM2.5 प्रदूषण में पटाखों की हिस्सेदारी करीब 55 प्रतिशत थी। विशेषज्ञों का मानना है कि भारत और पाकिस्तान में बढ़ते प्रदूषण के लिए केवल आतिशबाजी जिम्मेदार नहीं है। वाहनों का धुआं, निर्माण कार्यों से उड़ने वाली धूल और पराली जलाने जैसी गतिविधियां भी सर्दियों में हवा की गुणवत्ता बिगाड़ने में बड़ी भूमिका निभाती हैं।


