संसद के विशेष सत्र से पहले देश की चुनावी व्यवस्था में बड़े बदलाव की तैयारी तेज हो गई है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को लोकसभा से ‘परिसीमन (सेकंड) विधेयक, 2026’ पर विचार करने की सिफारिश की है। केंद्र सरकार इस विधेयक को 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक चलने वाले विशेष सत्र में पेश करने जा रही है। केंद्रीय मंत्रिमंडल से शुक्रवार को इसे मंजूरी मिल चुकी है।
प्रस्तावित विधेयक के तहत सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लोकसभा तथा विधानसभा सीटों की संख्या में 50 फीसदी तक बढ़ोतरी का प्रावधान है। इसके लागू होने के बाद लोकसभा की कुल सदस्य संख्या बढ़कर अधिकतम 850 हो सकती है। इनमें 815 सीटें राज्यों और 35 सीटें केंद्र शासित प्रदेशों के लिए प्रस्तावित हैं।
इसके साथ ही संसद में संविधान (132वां संशोधन) विधेयक भी पेश किया जाएगा। इसमें 2051 तक लोकसभा में राज्यों की सीट हिस्सेदारी पहले जैसी बनाए रखने का प्रावधान शामिल है। राष्ट्रपति ने संविधान के अनुच्छेद 117(3) के तहत सिफारिश की है। यह प्रावधान उन विधेयकों से संबंधित है, जिनके लागू होने पर भारत की संचित निधि से खर्च होने की संभावना होती है।
प्रस्ताव के अनुसार, राज्यों की सीटों का मौजूदा अनुपात बरकरार रखते हुए निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं नए सिरे से तय की जाएंगी। इसके लिए नवीनतम उपलब्ध जनगणना के आंकड़ों का इस्तेमाल होगा। फिलहाल निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं 2001 की जनगणना पर आधारित हैं। नए प्रस्ताव के तहत सीटों की संख्या और सीमाएं 2051 तक स्थिर रखने की योजना है।


