भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा अब क्रिकेट के मैदान के बाद टेलीविजन की दुनिया में बड़ा धमाका करने की तैयारी में हैं। रोहित जल्द ही Sony TV पर अपना नया रियलिटी शो लेकर आने वाले हैं, जिसका हाल ही में एक मजेदार टीजर जारी किया गया। चैनल ने इसे “सबसे बड़ा एंटरटेनमेंट डेब्यू” बताया है, जिसके बाद फैंस के बीच शो को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
टीजर में रोहित शर्मा अपने चिर-परिचित मजाकिया अंदाज में नजर आते हैं। वीडियो में फैंस लगातार उनसे उनकी वायरल लाइन “कोई गार्डन में नहीं घूमेगा” बोलने की मांग करते दिखाई देते हैं। बार-बार यही डिमांड सुनकर रोहित परेशान हो जाते हैं और मजाकिया अंदाज में अपने घर की छत पर चल रहे गार्डन के काम को रुकवाने तक की बात करते हैं। आखिर में रोहित कहते नजर आते हैं कि जब उनकी एक लाइन इतनी वायरल हो सकती है, तो सोचिए पूरा शो कितना धमाल मचाएगा।
हालांकि शो के फॉर्मेट और कॉन्सेप्ट को लेकर अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन रोहित की लोकप्रियता और उनके अलग अंदाज को देखते हुए माना जा रहा है कि यह शो दर्शकों के लिए बड़ा मनोरंजन पैकेज साबित हो सकता है। इससे पहले Sourav Ganguly, Harbhajan Singh और Navjot Singh Sidhu जैसे कई दिग्गज क्रिकेटर टीवी होस्टिंग में अपनी पहचान बना चुके हैं। टेस्ट और टी20 क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद अब वह सिर्फ वनडे क्रिकेट में सक्रिय हैं, लेकिन मैदान के बाहर भी उनका स्टारडम लगातार बढ़ता जा रहा है।









