Sports

एशियन गेम्स 2026 में भारत का शानदार प्रदर्शन, विमेंस स्कीट टीम ने जीता ब्रॉन्ज

एशियन गेम्स 2026 में भारत ने अपना आठवां पदक जीत लिया है। शूटिंग में भारतीय महिला स्कीट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। राइजा ढिल्लन, माहेश्वरी चौहान और पारिनाज धालीवाल की तिकड़ी ने कुल 331 अंक हासिल कर भारत को पोडियम तक पहुंचाया। भारतीय टीम के लिए पारिनाज धालीवाल और राइजा ढिल्लन ने 111-111 अंक जुटाए, जबकि माहेश्वरी चौहान ने 109 अंक का योगदान दिया। चीन ने 357 अंकों के साथ गोल्ड मेडल जीता, जबकि कजाख्स्तान 337 अंक लेकर सिल्वर पर रहा।

इस पदक के साथ एशियन गेम्स में शूटिंग भारत के लिए सबसे सफल खेलों में से एक बनकर उभरी है। भारत के अब तक मिले आठ पदकों में छह पदक शूटिंग से आए हैं। इससे पहले भारतीय निशानेबाजों ने 10 मीटर एयर राइफल के महिला और पुरुष टीम व व्यक्तिगत मुकाबलों में पदक जीते थे। इनमें सिल्वर के अलावा व्यक्तिगत स्पर्धा में ब्रॉन्ज भी शामिल है। वहीं, विमेंस स्कीट के व्यक्तिगत मुकाबले में भी भारत की उम्मीदें बरकरार हैं। पारिनाज धालीवाल और राइजा ढिल्लन ने फाइनल में जगह बना ली है। पारिनाज आठवें स्थान पर रहीं, जबकि राइजा नौवें स्थान पर होने के बावजूद फाइनल के लिए क्वालिफाई कर गईं। दरअसल, एक देश से अधिकतम दो निशानेबाज ही टॉप-8 में जगह बना सकते हैं। चीन के तीन शूटर शीर्ष आठ में थे, इसलिए राइजा को भी फाइनल में प्रवेश मिला। अब भारतीय निशानेबाजों की नजर व्यक्तिगत स्पर्धा में भी पदक जीतने पर होगी।