भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 114 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। कोरोगी स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 195 रन बनाए। इसके जवाब में बांग्लादेश की पूरी टीम महज 81 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत की जीत की नींव स्टार ओपनर शेफाली वर्मा ने रखी। उन्होंने सिर्फ 49 गेंदों में शानदार शतक जड़ा। अपनी पारी के दौरान शेफाली ने 9 छक्के और 3 चौके लगाए। उनके अलावा स्मृति मंधाना ने 19 गेंदों पर 37 रन की तेजतर्रार पारी खेली, जबकि कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 33 गेंदों में 40 रन बनाए। गुनालन कामिलिनी 3 और रिचा घोष 2 रन बनाकर आउट हुईं। शेफाली 100 और भारती फूलमाली 9 रन बनाकर नाबाद रहीं।
196 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही और लगातार विकेट गिरते चले गए। टीम की ओर से दिलारा अख्तर ने 23 गेंदों पर 27 रन बनाकर सबसे ज्यादा रन बनाए। शर्मिन अख्तर ने 10 और सुल्ताना खातून ने 12 रन का योगदान दिया। बाकी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सकीं और पूरी टीम 81 रन पर सिमट गई। भारत की गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा और नंदिनी शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन-तीन विकेट हासिल किए। श्री चरणी को दो विकेट मिले, जबकि क्रांति गौड़ और श्रेयांका पाटिल ने एक-एक बल्लेबाज को पवेलियन भेजा। अब फाइनल में भारत का सामना श्रीलंका से होगा। श्रीलंका ने पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान को हराकर फाइनल में प्रवेश किया है। वहीं, कांस्य पदक के लिए बांग्लादेश और पाकिस्तान की भिड़ंत होगी।


