भारतीय क्रिकेट के स्टार बल्लेबाज और पूर्व कप्तान विराट कोहली ने 2027 वनडे वर्ल्ड कप को लेकर अपने इरादे साफ कर दिए हैं। कोहली के मुताबिक, दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होने वाला यह विश्व कप भारतीय टीम के साथ उनका आखिरी वर्ल्ड कप होगा। वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले उन्होंने कहा कि उनका पूरा ध्यान भारत को विश्व चैंपियन बनाने पर है और इसके लिए वह अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए तैयार हैं।
2027 का टूर्नामेंट कोहली का चौथा वनडे वर्ल्ड कप होगा। 37 वर्षीय बल्लेबाज के लिए आगामी वनडे साइकल बेहद अहम है। 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के बाद से कोहली ने 12 वनडे मैचों में 76 की औसत से 760 रन बनाए हैं, जिसमें तीन शतक और पांच अर्धशतक शामिल हैं। 2025 से अब तक वनडे में उनका औसत 64.68 का रहा है। कोहली ने अपने बल्लेबाजी अंदाज में बदलाव की बात भी कही। उनका कहना है कि अब वह बाहरी अपेक्षाओं की चिंता किए बिना अधिक आक्रामक और खुलकर खेलना चाहते हैं। लंबे समय तक उनकी भूमिका पारी को संभालने और स्थिरता देने की रही, लेकिन अब वह परिस्थितियों के अनुसार जोखिम लेने से पीछे नहीं हटना चाहते।
उनके मुताबिक, आधुनिक वनडे क्रिकेट में 340-350 रन का स्कोर आम होता जा रहा है। ऐसे में बल्लेबाजों को बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए आक्रामक क्रिकेट खेलना होगा। कोहली का मानना है कि अगर वह शुरुआत में टिककर खेलते हैं और बाद में तेजी से रन बनाते हैं, तो टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम योगदान दे सकते हैं। कोहली ने यह भी कहा कि टीम के अन्य खिलाड़ियों पर भरोसा होने से उन्हें मैदान पर ज्यादा स्वतंत्र होकर खेलने में मदद मिलती है। अब उनकी नजर 2027 वर्ल्ड कप में भारत को खिताब दिलाने के अभियान पर है।


