त्योहारी सीजन के बीच आम लोगों की रसोई का बजट लगातार बढ़ता जा रहा है। खाने-पीने की कई जरूरी वस्तुओं की कीमतों में तेजी देखने को मिल रही है। पिछले कुछ दिनों में दालों के दाम में करीब 10 से 30 रुपये प्रति किलो तक का इजाफा हुआ है। अरहर, उड़द, मूंग, चना और मसूर दाल की बढ़ती कीमतों का सीधा असर घरेलू बजट पर पड़ रहा है। पिछले एक महीने के आंकड़ों पर नजर डालें तो अरहर दाल की कीमत करीब 120 रुपये से बढ़कर 146-148 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। उड़द दाल में भी तेज उछाल आया है और इसका भाव 125 रुपये से बढ़कर करीब 150 रुपये प्रति किलो हो गया है। चना दाल 80 से बढ़कर 100 रुपये और मसूर दाल करीब 80 से बढ़कर 90-100 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। मूंग दाल भी 106 रुपये से बढ़कर करीब 112 रुपये प्रति किलो हो गई है।
सिर्फ दालें ही नहीं, अन्य रोजमर्रा की खाद्य वस्तुओं के दाम भी बढ़े हैं। इंडिया गेट चावल का भाव करीब 110 रुपये से बढ़कर 130 रुपये प्रति किलो हो गया है। चीनी की कीमत भी 42 रुपये से बढ़कर 55 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। लाल मिर्च और धनिया के दाम में भी क्रमशः करीब 15 और 20 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। तेल और घी की कीमतों में भी तेजी बनी हुई है। देसी घी करीब 30 रुपये प्रति किलो महंगा हुआ है, जबकि सरसों तेल के दाम में 10 से 20 रुपये और रिफाइंड तेल में करीब 10 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। कारोबारियों के मुताबिक त्योहारों के दौरान मांग बढ़ने के कारण आने वाले दिनों में खाद्य वस्तुओं की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। ऐसे में त्योहारी खरीदारी के साथ बढ़ती महंगाई घरेलू बजट के लिए अतिरिक्त दबाव बन रही है।


