देश की प्रमुख खाद्य एवं पेय पदार्थ कंपनी Nestle India को कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) की ओर से 36.36 लाख रुपये की मांग का नोटिस जारी किया गया है। कंपनी ने शुक्रवार को शेयर बाजार को दी गई जानकारी में इसकी पुष्टि की। यह नोटिस EPFO के मैसूरु क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से कर्मचारी भविष्य निधि एवं विविध प्रावधान अधिनियम, 1952 की धारा 7क्यू और 14बी के तहत जारी किया गया है।
कंपनी के मुताबिक, उसे 26 नवंबर 2026 को यह नोटिस प्राप्त हुआ था। इसमें कुल 36,36,548 रुपये जमा करने को कहा गया है। इस राशि में वर्ष 2012 से 2019 के बीच की अवधि के लिए 20,09,516 रुपये का हर्जाना और जुर्माना भी शामिल है। नेस्ले इंडिया ने स्पष्ट किया है कि इस नोटिस का कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन, कारोबार के संचालन या अन्य व्यावसायिक गतिविधियों पर कोई बड़ा प्रभाव पड़ने की आशंका नहीं है।
गौरतलब है कि EPF अधिनियम की धारा 7क्यू के तहत नियोक्ता को बकाया भविष्य निधि राशि पर ब्याज देना होता है, जबकि धारा 14बी के अंतर्गत वैधानिक भुगतान में देरी या चूक के लिए हर्जाना लगाया जाता है। नेस्ले इंडिया देश में मैगी, नेस्कैफे, किटकैट, मिल्कमेड और एवरीडे जैसे लोकप्रिय ब्रांडों के लिए जानी जाती है।


