Delhi National Politics

जंतर-मंतर प्रदर्शन में बवाल के बाद राहुल-प्रियंका पर फिर FIR, आज भी प्रदर्शन की तैयारी

मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर इंडिया ब्लॉक का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। इसी बीच दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर की ओर मार्च के दौरान पुलिसकर्मियों से कथित मारपीट, धक्कामुक्की, बदसलूकी और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR दर्ज की है। पिछले दो दिनों में दोनों नेताओं के खिलाफ यह दूसरी FIR है। इससे पहले 6 अक्टूबर को आकाशवाणी भवन के पास प्रदर्शन करने के मामले में भी राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। FIR को लेकर राहुल गांधी से सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा था कि उनके खिलाफ 45 FIR हैं और उनका लक्ष्य 100 केस का है। उन्होंने FIR को अपने लिए ‘मेडल’ बताया।

दरअसल, 7 अक्टूबर को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इंडिया ब्लॉक के सांसदों के लिए दिल्ली के जनपथ स्थित सागर रत्ना रेस्टोरेंट में लंच का आयोजन किया था। करीब डेढ़ घंटे तक चले लंच के बाद राहुल गांधी ने अचानक जंतर-मंतर की ओर मार्च करने का ऐलान कर दिया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर से करीब 100 मीटर पहले रोक दिया। इसके बाद मौके पर जमकर हंगामा हुआ। प्रियंका गांधी समेत कई नेता सड़क पर लेट गए, जबकि पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य नेताओं को हिरासत में लिया। इंडिया ब्लॉक आज भी जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेगा। विपक्षी सांसद CEC ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग उठाएंगे। इसके अलावा राज्यों में भी SIR के मुद्दे पर प्रदर्शन किए जाएंगे। इसी बीच केंद्र सरकार ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की मौजूदा Z+ सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया है। उनके आवास, कार्यालय और निजी सुरक्षा में अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है।