National

अब चिप्स-बिस्किट के पैकेट पर दिखेगा लाल खतरे का निशान, सुप्रीम कोर्ट का FSSAI को बड़ा निर्देश

पैकेटबंद खाद्य पदार्थ खरीदने वाले लोगों के लिए एक बड़ा बदलाव होने जा रहा है। अब चिप्स, बिस्किट और दूसरे पैकेटबंद खाद्य उत्पादों में ज्यादा चीनी, नमक या सैचुरेटेड फैट होने पर पैकेट के सामने लाल रंग का चेतावनी निशान लगाना अनिवार्य होगा। सुप्रीम कोर्ट ने संविधान दिवस के मौके पर इस संबंध में अहम आदेश जारी करते हुए भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) को नए नियम तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

जस्टिस जे.बी. पारदीवाला और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की पीठ ने कहा कि उपभोक्ताओं को खाद्य पदार्थों से जुड़े स्वास्थ्य जोखिमों की जानकारी आसानी से मिलनी चाहिए। इसके लिए पैकेट के पिछले हिस्से पर लिखी जानकारी के बजाय फ्रंट लेबलिंग को प्रभावी बनाना जरूरी है। अदालत के निर्देश के मुताबिक, अधिक फैट, चीनी और नमक वाले उत्पादों पर अलग-अलग लाल हेक्सागन चेतावनी लगाई जाएगी। इसमें बड़े अक्षरों में ‘HIGH FAT’, ‘HIGH SUGAR’ और ‘HIGH SALT’ लिखा होगा। चेतावनी का आकार पैकेट के सामने वाले हिस्से का करीब 4 से 5 फीसदी रखने की बात कही गई है।

सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI को कुल चीनी, सैचुरेटेड फैट और नमक के आधार पर नई सीमा तय करने को कहा है। इसके लिए चार महीने में ड्राफ्ट नियम तैयार करने होंगे, जबकि 10 सप्ताह बाद प्रगति रिपोर्ट भी अदालत में पेश करनी होगी। इसके अलावा स्कूलों में पोषण संबंधी शिक्षा को बढ़ावा देने, पाठ्यक्रम में बदलाव करने और जागरूकता कार्यशालाएं आयोजित करने पर भी जोर दिया गया है। इस कदम का उद्देश्य उपभोक्ताओं को जागरूक बनाना और बच्चों में स्वस्थ खानपान की आदत विकसित करना है।