गुजरात में आतंकी हमले की कथित साजिश को नाकाम करते हुए गुजरात एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान असम निवासी मोहम्मद सहारुल इस्लाम के रूप में हुई है। उसके पास से AK-47 जैसी ऑटोमैटिक राइफल, 23 जिंदा कारतूस और जैश-ए-मोहम्मद का झंडा बरामद किया गया है। फिलहाल ATS आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।
गुजरात ATS के DIG सुनील जोशी के अनुसार, एजेंसी को सूचना मिली थी कि दूसरे राज्य का एक व्यक्ति ऑटोमैटिक हथियार के साथ गुजरात में किसी सुरक्षा प्रतिष्ठान को निशाना बनाने की योजना बना रहा है। इसके बाद ATS ने जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन वडोदरा और दाहोद में सामने आई। वह मोबाइल फोन बंद कर वडोदरा के एक होटल में ठहरा हुआ था। उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के बाद ATS ने अलग-अलग स्थानों पर नाकेबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान उसके बैग से दो खाली मैगजीन, मोबाइल फोन, सिम कार्ड, नकदी और आतंकी संगठन का झंडा भी मिला। पूछताछ में कथित हैंडलर की पहचान मुफ्ती रफीक उर्फ इब्न अब्दुल्लाह के रूप में हुई है। ATS के मुताबिक, हैंडलर ने आरोपी को फोन, होटल और यात्रा के खर्च के लिए 50 हजार रुपये दिए थे।
जांच एजेंसी का दावा है कि आरोपी की योजना हमले के बाद पाकिस्तान जाकर जैश-ए-मोहम्मद में शामिल होने की थी। उसके खिलाफ UAPA और BNS की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। एजेंसी इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।


