National

संविधान दिवस पर कांग्रेस का देशव्यापी अभियान, 26 नवंबर को सभी राज्यों में निकालेगी ‘संविधान रक्षा मार्च’

कांग्रेस ने संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को देशभर में ‘संविधान रक्षा मार्च’ निकालने का ऐलान किया है। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बुधवार को इसकी जानकारी देते हुए कहा कि सभी प्रदेश कांग्रेस कमेटियां अपने-अपने राज्यों में इस मार्च का आयोजन करेंगी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे लखनऊ में आयोजित मार्च में शामिल होंगे।

वेणुगोपाल ने बताया कि मार्च की शुरुआत डॉ. भीमराव आंबेडकर या महात्मा गांधी की प्रतिमा से होगी। इस दौरान संविधान निर्माताओं को श्रद्धांजलि देने के साथ संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया जाएगा। साथ ही संविधान की रक्षा के लिए शपथ भी ली जाएगी। कांग्रेस ने इस अभियान के जरिए मतदाता सूचियों में कथित गड़बड़ियों और मताधिकार से जुड़े मुद्दों को भी उठाने का फैसला किया है। वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि कर्नाटक के महादेवपुरा और आलंद सहित हरियाणा के विभिन्न क्षेत्रों में मतदाता सूचियों में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। उन्होंने निर्वाचन आयोग पर इन मामलों की निष्पक्ष जांच नहीं करने का आरोप भी लगाया।

उन्होंने बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मतदाता सूची से 65 लाख से अधिक नाम हटाए जाने का दावा करते हुए चिंता जताई कि इससे गरीबों, दलितों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों और प्रवासी श्रमिकों के मतदान अधिकार प्रभावित हो सकते हैं। वेणुगोपाल ने कहा कि मताधिकार की रक्षा लोकतंत्र और संविधान की रक्षा से जुड़ा मुद्दा है। कांग्रेस ‘वोट रक्षक’ अभियान के तहत मतदान केंद्रों पर जाकर हटाए गए नामों का सत्यापन करेगी और प्रभावित लोगों को दोबारा मतदाता सूची में नाम जुड़वाने में मदद करेगी।