IRCTC घोटाला मामले में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद यादव, उनकी पत्नी राबड़ी देवी और बेटे तेजस्वी यादव को दिल्ली हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है। हाईकोर्ट ने ट्रायल कोर्ट के उस आदेश को चुनौती देने वाली तीनों की याचिकाएं खारिज कर दी हैं, जिसमें उनके खिलाफ आरोप तय किए गए थे। जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा की पीठ ने स्पष्ट किया कि आरोप तय करने का आदेश बरकरार रहेगा।
दरअसल, दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने 13 अक्टूबर 2025 को लालू प्रसाद यादव के खिलाफ भ्रष्टाचार, आपराधिक साजिश और धोखाधड़ी के आरोप तय किए थे। वहीं, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव के खिलाफ आपराधिक साजिश और धोखाधड़ी के आरोप निर्धारित किए गए थे। तीनों ने इस फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी।
CBI के अनुसार, यह कथित घोटाला उस समय का है, जब लालू यादव 2004 से 2009 के बीच रेल मंत्री थे। आरोप है कि रांची और पुरी स्थित रेलवे के दो होटलों का ठेका नियमों की अनदेखी कर सुजाता होटल्स प्राइवेट लिमिटेड को दिया गया था। इसके बदले लालू परिवार को रिश्वत के रूप में कीमती जमीन और शेयर मिलने का आरोप है।
हाईकोर्ट ने अन्य आरोपियों और संबंधित कंपनियों की याचिकाएं भी खारिज कर दी हैं। इस फैसले के बाद अब ट्रायल कोर्ट में मामले की सुनवाई आगे बढ़ेगी। हालांकि, आरोपों पर अभी अंतिम फैसला होना बाकी है और सभी आरोपियों को दोषी साबित किया जाना शेष है।


