Chandigarh के सेक्टर-17 स्थित एचपी पेट्रोल पंप पर सोमवार (18 मई, 2026) को पेट्रोल और डीजल की खरीद पर अस्थायी सीमा लगाए जाने की सूचना से शहर में हल्की अफरा-तफरी मच गई। पंप पर लगाए गए नोटिस में बताया गया था कि दोपहिया वाहनों को अधिकतम 500 रुपये और चारपहिया वाहनों को 1500 रुपये तक ही ईंधन दिया जाएगा। इस सूचना के बाद लोगों में पैनिक की स्थिति बन गई।
हालांकि बाद में स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया गया कि यह सीमा केवल अस्थायी थी और ईंधन का स्टॉक कम होने के कारण लगाई गई थी। पंप प्रबंधन के अनुसार एक दिन पहले टैंकर की सप्लाई नहीं आने की वजह से सोमवार को स्टॉक घट गया था, जिसके चलते यह कदम उठाना पड़ा। बढ़ती भीड़ और चिंता को देखते हुए यह नोटिस बाद में हटा लिया गया।
पंप मैनेजर कुलविंदर सिंह ने स्पष्ट किया कि यह किसी भी तरह की शहरव्यापी कमी या प्रतिबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि जैसे ही नियमित सप्लाई बहाल होगी, स्थिति सामान्य हो जाएगी। साथ ही यह भी बताया गया कि शहर के अन्य पेट्रोल पंपों पर ईंधन की कोई सीमा लागू नहीं है और वहां सामान्य रूप से आपूर्ति जारी है।









