Haryana

‘हरियाणा विजन 2047’ के तहत साइबर क्राइम पर सख्ती, महिला सुरक्षा और जेल सुधार की तैयारी

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ‘हरियाणा विजन 2047’ के तहत सेवा, पुलिस और जेल विभागों की अल्पकालिक कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की और इसे और प्रभावी बनाने के लिए अहम सुझाव दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में साइबर अपराध पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए बड़े स्तर पर कार्रवाई की जाएगी। महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि रात में काम करने वाली महिलाओं को सुरक्षित घर पहुंचाने के लिए विशेष योजना बनाई जाए। इसके तहत महिलाएं एक पोर्टल के माध्यम से पुलिस को सूचना देंगी और उन्हें सुरक्षित घर तक छोड़ा जाएगा। साथ ही ‘डायल 112’ सेवा को और मजबूत करने के लिए नए वाहन उपलब्ध कराने की बात कही गई। साइबर अपराध से निपटने के लिए एक नई पहल के तहत बैंक कर्मचारियों को क्राइम सेल में तैनात किया जाएगा, ताकि किसी भी संदिग्ध कॉल या धोखाधड़ी की जानकारी मिलते ही संबंधित बैंक खाते को तुरंत ब्लॉक किया जा सके।

बच्चों की सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाने और काउंसलर्स की नियुक्ति पर भी जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराध पर नियंत्रण के लिए पुलिस को आधुनिक तकनीक से लैस किया जाएगा और उन्हें “जनता के मित्र” के रूप में काम करने के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके लिए पुलिस कर्मियों का क्षमता निर्माण प्रशिक्षण भी आयोजित किया जाएगा। जेल सुधार के तहत फतेहाबाद में नई जेल का निर्माण कार्य 40 प्रतिशत पूरा हो चुका है, जबकि पंचकूला और चरखी दादरी में भी नए जेल परिसर बनाए जाएंगे। जेलों में बंद कैदियों को व्यावसायिक प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि रिहाई के बाद वे आत्मनिर्भर बन सकें और समाज में पुनः स्थापित हो सकें।