दिल्ली-NCR में बढ़ते वायु प्रदूषण पर नियंत्रण लगाने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने घोषणा की है कि 5 नवंबर से 20 नवंबर तक पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में निर्माण और तोड़फोड़ से जुड़े कार्यों पर पूरी तरह रोक रहेगी। यह फैसला प्रदूषण के लिहाज से संवेदनशील माने जाने वाले 15 दिनों के दौरान हवा की गुणवत्ता सुधारने के उद्देश्य से लिया गया है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 5 से 20 नवंबर का समय प्रदूषण के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है और इस दौरान सभी लोगों को सहयोग करना चाहिए। हालांकि, राष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण परियोजनाओं को इस प्रतिबंध से छूट दी जाएगी। इसके अलावा, इन 15 दिनों में सरकारी और निजी कार्यालयों में 50 प्रतिशत कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की गई है।
भूपेंद्र यादव ने बताया कि प्रदूषण की समस्या से निपटने के लिए दिल्ली सरकार ने इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर शुरू किया है। वहीं, वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) भी प्रदूषण नियंत्रण के लिए लगातार कदम उठा रहा है।
गौरतलब है कि हाल ही में दिल्ली में हुई भारी बारिश से वायु गुणवत्ता में सुधार दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, बारिश के बाद दिल्ली का AQI 90 तक पहुंच गया, जो संतोषजनक श्रेणी में आता है। हालांकि, आने वाले दिनों में प्रदूषण बढ़ने की आशंका को देखते हुए सरकार ने पहले से ही सख्त कदम उठाने की तैयारी की है।


