Madhya Pradesh Sports

ग्वालियर में ‘DA ONE’ हाई परफॉर्मेंस सेंटर लॉन्च, युवाओं को मिलेगा इंटरनेशनल स्तर का क्रिकेट प्रशिक्षण

ग्वालियर में क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में एक अहम पहल की शुरुआत की गई। मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष महाआर्यमन सिंधिया और भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज शिखर धवन ने संयुक्त रूप से ‘दा वन हाई परफॉर्मेंस ट्रेनिंग सेंटर’ का उद्घाटन किया। इस अत्याधुनिक सेंटर का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ उच्चस्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें। उद्घाटन समारोह के दौरान खिलाड़ियों ने अपने कौशल का प्रदर्शन किया, जिससे कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना रहा।

कार्यक्रम का खास आकर्षण उस समय देखने को मिला जब शिखर धवन ने युवा गेंदबाजों की गेंदों का सामना करते हुए बल्लेबाजी के गुर दिखाए। इस दौरान महाआर्यमन सिंधिया ने भी धवन को गेंदबाजी की, जिस पर धवन ने सहजता से डिफेंस खेलकर दर्शकों की तालियां बटोरीं। इसी मौके पर ग्वालियर के इंपीरियल गोल्फ रिजॉर्ट में मध्य प्रदेश लीग (एमपीएल) महिला टीमों के लिए प्लेयर ड्राफ्ट का आयोजन भी किया जा रहा है। इस ड्राफ्ट के जरिए 2026 सीजन के लिए पांच महिला टीमें अपनी-अपनी स्क्वॉड को मजबूत करेंगी और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मौका दिया जाएगा। कार्यक्रम में पूर्व भारतीय खिलाड़ी सबा करीम और सोफी धवन सहित कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।