Technology

WhatsApp में आ सकता है Instagram जैसा “ग्रीन डॉट” फीचर, बिना चैट खोले दिखेगा कौन है ऑनलाइन

Meta की मैसेजिंग ऐप WhatsApp जल्द ही एक ऐसा फीचर ला सकती है, जो यूज़र्स को Instagram की तरह रियल-टाइम ऑनलाइन स्टेटस देखने की सुविधा देगा। फीचर ट्रैकर WABetaInfo के अनुसार, इस नए अपडेट का फिलहाल एंड्रॉयड बीटा वर्जन में परीक्षण चल रहा है और सफल टेस्टिंग के बाद इसे सभी यूज़र्स के लिए रोलआउट किया जा सकता है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, नए फीचर में जब कोई कॉन्टैक्ट ऑनलाइन होगा तो उसकी प्रोफाइल फोटो पर एक “ग्रीन डॉट” दिखाई देगा। इससे यूज़र को चैट खोलने की जरूरत नहीं पड़ेगी और वह सीधे चैट लिस्ट या प्रोफाइल स्क्रीन से ही जान सकेगा कि कौन एक्टिव है। यह फीचर मौजूदा “Online” टेक्स्ट लेबल की जगह ले सकता है, जिससे इंटरफेस और भी सरल और विजुअल बन जाएगा।

WABeta Info के अनुसार, यह फीचर WhatsApp के Android बीटा वर्जन 2.26.24.5 में देखा गया है। इसमें ऑनलाइन यूज़र्स को चैट इन्फो स्क्रीन में ग्रीन इंडिकेटर के रूप में दिखाया जा रहा है। खास बात यह है कि यूज़र्स अपनी प्राइवेसी सेटिंग्स के जरिए इस ग्रीन डॉट को छिपाने का विकल्प भी पा सकेंगे। इसी तरह का ग्रीन डॉट सिस्टम पहले से ही Meta Platforms के अन्य ऐप्स जैसे Instagram और कुछ वर्कप्लेस टूल्स जैसे Slack में मौजूद है, जहां यह यूज़र की एक्टिविटी स्थिति दिखाने के लिए इस्तेमाल होता है।

इसके अलावा WhatsApp एक और फीचर पर काम कर रहा है, जो चैट बैकअप मैनेजमेंट से जुड़ा है। इस टूल की मदद से यूज़र्स अपने बैकअप स्टोरेज को बेहतर तरीके से कंट्रोल कर सकेंगे। इसमें पुरानी बैकअप फाइल्स को देखना, डिलीट करना और स्टोरेज खाली करना जैसी सुविधाएं शामिल हो सकती हैं। हालांकि यह बैकअप फीचर अभी शुरुआती डेवलपमेंट स्टेज में है, लेकिन उम्मीद है कि आने वाले समय में ये दोनों अपडेट यूज़र्स के अनुभव को और बेहतर बनाएंगे।