केजीएफ फेम अभिनेता Yash की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक: अ फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स’ की रिलीज डेट एक बार फिर घोषित कर दी गई है। कई बार टलने के बाद अब मेकर्स ने आधिकारिक तौर पर ऐलान किया है कि यह फिल्म 26 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में एक साथ रिलीज होगी। इस घोषणा के साथ लंबे समय से फिल्म का इंतजार कर रहे यश के प्रशंसकों को बड़ी राहत मिली है।
रिलीज डेट के साथ यश ने फिल्म का नया पोस्टर भी साझा किया है, जिसमें उनका डबल लुक देखने को मिल रहा है। एक ओर वह घनी दाढ़ी-मूंछ वाले रफ अंदाज में नजर आ रहे हैं, जबकि दूसरी ओर लंबे बालों और क्लीन-शेव लुक में दिखाई दे रहे हैं। पोस्टर पर लिखा गया संदेश—“पिता का सम्मान करो”—फिल्म की कहानी को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा रहा है। फिल्म में यश के साथ कई बड़ी अभिनेत्रियां अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। कलाकारों की सूची में Nayanthara, Kiara Advani, Huma Qureshi, Tara Sutaria और Rukmini Vasanth शामिल हैं।
फिल्म का निर्देशन Geetu Mohandas ने किया है, जबकि इसकी कहानी गीतू मोहनदास और यश ने मिलकर लिखी है। गौरतलब है कि फिल्म को पहले 19 मार्च 2026 को रिलीज करने की योजना थी, लेकिन अन्य बड़ी फिल्मों के साथ संभावित बॉक्स ऑफिस टकराव के कारण इसकी तारीख आगे बढ़ा दी गई थी। बाद में 4 जून 2026 की नई रिलीज डेट भी रद्द कर दी गई। यश ने स्पष्ट किया था कि वह फिल्म की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं करना चाहते और इसे पूरी तरह तैयार होने के बाद ही दर्शकों के सामने लाएंगे।









