देश के करोड़ों मोबाइल यूजर्स के लिए टेलीकॉम सेक्टर से जुड़ी अहम खबर सामने आई है। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) ने नए नियमों के तहत टेलीकॉम कंपनियों के लिए बिना डेटा वाले सस्ते रिचार्ज प्लान उपलब्ध कराना अनिवार्य कर दिया है। इसका सबसे ज्यादा फायदा उन ग्राहकों को मिलने की उम्मीद है, जो मोबाइल का इस्तेमाल मुख्य रूप से कॉलिंग और SMS के लिए करते हैं। TRAI (थर्टींथ अमेंडमेंट) रेगुलेशंस, 2026 के मुताबिक, कंपनियों को 30 दिन या उससे कम अवधि वाले ऐसे प्लान पेश करने होंगे, जिनमें केवल वॉयस कॉल और SMS की सुविधा होगी। इन प्लान की कीमत भी उपयोग के हिसाब से कम रखनी होगी, ताकि ग्राहकों को अनावश्यक डेटा के लिए अतिरिक्त पैसे न देने पड़ें।
नए नियमों के तहत कम से कम एक ऐसा प्लान भी उपलब्ध कराना होगा, जो हर महीने एक तय तारीख को रिन्यू हो। यदि किसी महीने में वह तारीख मौजूद नहीं है, तो उस महीने के अंतिम दिन रिचार्ज की वैधता समाप्त होगी। इसके अलावा, कंपनियों को लंबी अवधि वाला कम से कम एक ऐसा प्लान भी रखना होगा, जिसमें डेटा शामिल न हो। TRAI ने यह कदम पिछले नियमों की समीक्षा के बाद उठाया है। नियामक के अनुसार, 2024 के नियमों के बाद कंपनियों ने वॉयस-ओनली प्लान तो पेश किए, लेकिन उनमें से कई महंगे थे और 84 दिन या 365 दिन जैसी लंबी वैधता के साथ उपलब्ध थे। इससे कम आय वाले ग्राहकों और फीचर फोन इस्तेमाल करने वालों के लिए सस्ते विकल्प सीमित हो गए थे। नए प्रावधानों का उद्देश्य ग्राहकों को उनकी वास्तविक जरूरत के मुताबिक रिचार्ज चुनने का विकल्प देना और टेलीकॉम बाजार में प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना है।


