National

कोलकाता से मुंबई जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट को हाईजैक करने की धमकी, टॉयलेट में मिला धमकी भरा संदेश

कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मुंबई जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI 2772 में हाईजैक की धमकी मिलने की सूचना सामने आई। विमान के शौचालय में धमकी भरा संदेश मिलने के बाद पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी जानकारी दी। एहतियात के तौर पर विमान की उड़ान रोक दी गई और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं।

जानकारी के मुताबिक, विमान उड़ान भरने की तैयारी में था, तभी शौचालय में हाईजैक से जुड़ा संदेश देखा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए विमान को तुरंत आइसोलेशन बे में ले जाया गया। यहां केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) और एयरपोर्ट के विशेष सुरक्षा अधिकारियों ने सघन तलाशी अभियान चलाया। विमान के अंदर यात्रियों के सामान और सभी संदिग्ध स्थानों की बारीकी से जांच की गई। शुरुआती जांच में अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।

इस घटना के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है। धमकी भरा संदेश किसने लिखा, इसका पता लगाने के लिए यात्रियों की सूची और एयरपोर्ट परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। गौरतलब है कि इससे पहले 7 नवंबर 2026 को बेंगलुरु से लखनऊ जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-451 में भी हाईजैक की धमकी वाला नोट मिला था। संदेश मिलने के बाद पायलट ने सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान को वापस बेंगलुरु लाने का फैसला किया था। विमान के उतरते ही सुरक्षा एजेंसियों ने उसे अपने नियंत्रण में लेकर जांच शुरू कर दी थी।