National Politics Uttar Pradesh

यूपी चुनाव: BJP ने 209 उम्मीदवारों के नाम किए शॉर्टलिस्ट, अंतिम मुहर के लिए दिल्ली भेजी सूची

उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव में लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल करने और 300 से अधिक सीटें जीतने के लक्ष्य के साथ पार्टी ने उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसी कड़ी में प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में से 209 सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम शॉर्टलिस्ट किए जाने की खबर सामने आई है।

केंद्रीय नेतृत्व की मंजूरी का इंतजार

सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, BJP ने 209 संभावित उम्मीदवारों की सूची तैयार कर अंतिम मंजूरी के लिए दिल्ली स्थित केंद्रीय नेतृत्व को भेज दी है। बताया जा रहा है कि दिवाली के बाद पार्टी ने चुनावी गतिविधियों को और तेज कर दिया है। इन नामों को पार्टी की ‘A’ श्रेणी में रखा गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ चर्चा और विचार-विमर्श के बाद इन उम्मीदवारों के नाम तय किए गए हैं। अब केंद्रीय नेतृत्व की मुहर लगने का इंतजार है। मंजूरी मिलने के बाद संबंधित उम्मीदवार अपने-अपने क्षेत्रों में चुनाव प्रचार और जनसंपर्क अभियान शुरू कर सकेंगे। इससे उन्हें मतदाताओं के बीच अपनी मजबूत पहचान बनाने का पर्याप्त समय मिलेगा।

महिला मतदाताओं को साधने की तैयारी

वहीं, विधानसभा चुनाव से पहले BJP सरकार महिलाओं को लेकर भी बड़ा कदम उठा सकती है। अयोध्या में आयोजित दीपोत्सव कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं के लिए एक विशेष पैकेज लाने का संकेत दिया था। मुख्यमंत्री ने कहा था कि सरकार ऐसी पहल करने की तैयारी में है, जिससे महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकें और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के साथ बच्चों की शिक्षा में भी योगदान दे सकें। योगी के इस बयान के बाद प्रदेश में महिलाओं के लिए नई कल्याणकारी योजना शुरू होने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए BJP महिला मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने पर विशेष ध्यान दे सकती है।