उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची को लेकर नई बहस छिड़ गई है। विशेष पुनरीक्षण (SSR) के बाद चुनाव आयोग ने 17 नवंबर को नई ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी की है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के मुताबिक, अप्रैल 2026 की तुलना में प्रदेश में 18.84 लाख मतदाताओं की बढ़ोतरी हुई है। इसके बावजूद अनुमानित वयस्क आबादी और पंजीकृत मतदाताओं के आंकड़ों में करीब 2.58 करोड़ का अंतर सामने आया है।
जारी आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल में उत्तर प्रदेश में कुल 13.39 करोड़ मतदाता थे, जिनकी संख्या अब बढ़कर 13.58 करोड़ हो गई है। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 7.38 करोड़ और महिलाओं की संख्या 6.20 करोड़ है। इस दौरान महिला मतदाताओं में करीब 10.96 लाख, जबकि पुरुष मतदाताओं में 7.87 लाख की वृद्धि दर्ज की गई है।
हालांकि, आबादी के अनुमान से तुलना करने पर करीब 1.64 करोड़ महिलाएं और 94 लाख पुरुष मतदाता सूची के दायरे से बाहर बताए जा रहे हैं। प्रदेश में मतदाता लिंगानुपात भी 834 से बढ़कर 840 हुआ है, जबकि अनुमानित आबादी के हिसाब से यह आंकड़ा 922 होना चाहिए। वहीं, 18 से 19 वर्ष के नए मतदाताओं की संख्या में भी करीब 5.80 लाख की कमी दर्ज की गई है।
चुनाव आयोग ने मतदाता सूची में नाम जोड़ने और संशोधन के लिए 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का समय दिया है। इसके लिए फॉर्म 6, 7 और 8 भरे जा सकेंगे। इसके अलावा 21-22 और 28-29 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची के इन आंकड़ों पर बीजेपी और सपा समेत कई राजनीतिक दल सवाल उठा रहे हैं। अब सभी की नजर 4 जनवरी को जारी होने वाली अंतिम मतदाता सूची पर टिकी है।


