पंजाब की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली पटियाला केंद्रीय जेल में सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी चूक सामने आई है। जेल से तीन कैदियों के फरार होने की घटना ने प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार कैदियों में से दो को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरे की तलाश जारी है।
जानकारी के मुताबिक, जेल की ऊंची दीवारों और उन पर लगे बिजली के तारों के बावजूद तीनों कैदी भागने में सफल रहे। इस घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और जेल विभाग ने जांच शुरू कर दी है। फिलहाल जेल अधिकारियों ने मीडिया से दूरी बनाते हुए कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। पटियाला के एसपी सिटी पलविंदर सिंह ने कहा कि यह जांच का विषय है कि आखिर इतनी कड़ी सुरक्षा के बीच कैदी कैसे फरार हुए। उन्होंने बताया कि पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ लिया है और पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। फरार कैदियों में एक नशा तस्करी के मामले में बंद था और उसका संबंध अमृतसर क्षेत्र से बताया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, जेल की दीवारों पर लगे बिजली वाले तारों में अक्सर करंट नहीं रहता था, जिससे कैदियों को भागने का मौका मिला हो सकता है। वहीं जेल ट्रेनिंग स्कूल की ओर बनी अपेक्षाकृत कम ऊंचाई वाली दीवार को भी सुरक्षा में कमजोर कड़ी माना जा रहा है। करीब 1500 कैदियों की क्षमता वाली इस जेल में वर्तमान में 2100 से अधिक कैदी बंद हैं। जेल की सुरक्षा में लगभग 400 कर्मचारी तैनात होने के बावजूद हुई यह घटना सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलती नजर आ रही है।


