Technology

Google का नया AI मॉडल Gemini 4 Hydrogen लॉन्च, एक साथ निपटाएगा कई टास्क, जानें फीचर्स और कीमत

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया में Google ने नया Gemini 4 Hydrogen मॉडल पेश किया है। कंपनी के मुताबिक, यह मॉडल केवल सवालों के जवाब देने तक सीमित नहीं है, बल्कि कई चरणों वाले जटिल कामों को भी खुद पूरा करने में सक्षम है। खास बात यह है कि यूजर्स को हर छोटे काम के लिए बार-बार निर्देश देने की जरूरत नहीं होगी। यह मॉडल कोडिंग, रिसर्च और डेटा एनालिसिस जैसे कामों में मदद कर सकता है।

Gemini 4 सीरीज में Hydrogen के अलावा Carbon और Argon मॉडल भी शामिल हैं। जहां Carbon और Argon को जटिल कार्यों के लिए तैयार किया गया है, वहीं Hydrogen को तेज गति से काम पूरा करने पर केंद्रित रखा गया है। इसमें 10 लाख टोकन की कॉन्टेक्स्ट विंडो दी गई है, जिससे यह बड़ी PDF फाइलों, लंबे दस्तावेजों और बड़े कोड रिपॉजिटरी को एक साथ समझ सकता है। कोडिंग के क्षेत्र में भी यह मॉडल उपयोगी साबित हो सकता है। यह कोड में गलतियां ढूंढने, उन्हें ठीक करने और सॉफ्टवेयर प्रोजेक्ट की टेस्टिंग जैसे काम कर सकता है। Google के अनुसार, Gemini 3.8 Flash की तुलना में यह डिफॉल्ट हाई सेटिंग पर 2.5 गुना तेजी से काम करता है।

सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इसमें बाहरी वेबसाइटों और दस्तावेजों में छिपे गलत निर्देशों को पहचानने की क्षमता भी बेहतर बनाई गई है। कीमत की बात करें तो Gemini API के जरिए 10 लाख इनपुट टोकन के लिए 1.50 डॉलर और आउटपुट टोकन के लिए 7.50 डॉलर शुल्क निर्धारित किया गया है। आम यूजर्स इसे Gemini ऐप के मॉडल सिलेक्शन मेन्यू से इस्तेमाल कर सकेंगे।