Delhi

दिल्ली मंदिर से सैन्य कैंप तक हमला करने की साजिश नाकाम, ISI लिंक मॉड्यूल के 9 आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए नौ संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसियों के अनुसार, यह मॉड्यूल पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है और देश के कई संवेदनशील ठिकानों को निशाना बनाने की साजिश रच रहा था। यह कार्रवाई ‘गैंग बस्ट ऑपरेशन 2.0’ के तहत की गई।

सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी शाहजाद भट्टी मॉड्यूल से जुड़े हुए हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ कि मॉड्यूल के सदस्यों ने दिल्ली के एक ऐतिहासिक मंदिर की रेकी की थी। आरोपियों ने मंदिर परिसर, वहां तैनात सुरक्षा बलों और आसपास के इलाकों की तस्वीरें व वीडियो सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स तक पहुंचाए थे। जांच एजेंसियों का मानना है कि मंदिर परिसर में फायरिंग कर दहशत फैलाने और सुरक्षाबलों को निशाना बनाने की योजना थी।

इसके अलावा दिल्ली-सोनीपत हाईवे पर स्थित एक प्रसिद्ध ढाबे पर ग्रेनेड हमला करने की भी साजिश सामने आई है। यह ढाबा रोजाना बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही वाला स्थान माना जाता है। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, हमले का उद्देश्य अधिकतम जनहानि और भय का माहौल बनाना था।

जांच में हरियाणा के हिसार स्थित एक सैन्य कैंप की रेकी का भी खुलासा हुआ है। आरोपियों ने कथित तौर पर कैंप और उसके आसपास के क्षेत्र के वीडियो बनाकर पाकिस्तान भेजे थे। सूत्रों का कहना है कि उत्तर प्रदेश के कुछ पुलिस थाने भी मॉड्यूल के निशाने पर थे। फिलहाल स्पेशल सेल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर मॉड्यूल के फंडिंग नेटवर्क, सीमा पार संपर्कों और अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी हुई है।