National

भारत की वीजा व्यवस्था में बड़ा बदलाव! अब सिर्फ 9 मुख्य कैटेगरी, आवेदन प्रक्रिया होगी पहले से आसान

भारत आने वाले विदेशी नागरिकों के लिए केंद्र सरकार ने वीजा प्रक्रिया को आसान बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। नए सुधारों के तहत भारतीय वीजा व्यवस्था की मुख्य श्रेणियों को 13 से घटाकर 9 कर दिया गया है। वहीं, उप-श्रेणियों की संख्या भी 49 से घटाकर 23 कर दी गई है। सरकार के इस फैसले से विदेशी पर्यटकों, छात्रों, मेडिकल टूरिस्ट और कारोबारियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

गृह मंत्रालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, 27 अगस्त 2026 को घोषित इस सुधार का उद्देश्य वीजा प्रणाली को अधिक सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाना है। इसके साथ ही वीजा आवेदन फॉर्म में भी बड़ा बदलाव किया गया है। सभी 23 उप-श्रेणियों के आवेदन फॉर्म में जरूरी जानकारियों से जुड़े फील्ड 65 से 70 प्रतिशत तक कम कर दिए गए हैं। इससे आवेदकों को कम जानकारी भरनी होगी और आवेदन प्रक्रिया में लगने वाला समय भी घट सकता है।

नई व्यवस्था से भारत में विदेशी पर्यटकों की आमद बढ़ाने के साथ मेडिकल टूरिज्म और शिक्षा क्षेत्र को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। विदेशी छात्रों, शोधकर्ताओं, निवेशकों और कारोबारी पेशेवरों के लिए वीजा विकल्प अधिक स्पष्ट होंगे। इससे पहले अक्टूबर 2025 में भी वीजा श्रेणियों को 22 से घटाकर 13 किया गया था। अब नए बदलाव के जरिए सरकार ने प्रक्रिया को और व्यवस्थित किया है। माना जा रहा है कि यह कदम भारत को वैश्विक पर्यटन, शिक्षा और निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने में मददगार साबित होगा।