दिल्ली-NCR के लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है। मदर डेयरी ने दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। कंपनी की नई कीमतें गुरुवार, 12 नवंबर 2026 से लागू होंगी। दूध की खरीद और उत्पादन लागत में लगातार हो रही वृद्धि को दाम बढ़ाने की प्रमुख वजह बताया जा रहा है। इस फैसले का असर दिल्ली-NCR में रोजाना दूध खरीदने वाले लाखों परिवारों की जेब पर पड़ेगा।
किस दूध की कीमत में कितनी हुई बढ़ोतरी?
मदर डेयरी ने अपनी अलग-अलग वैरायटी के दूध के दाम संशोधित किए हैं। नई दरों के मुताबिक, टोंड दूध (बल्क वेंडेड) अब 58 रुपये की जगह 60 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। फुल क्रीम दूध के एक लीटर पाउच की कीमत 72 रुपये से बढ़ाकर 76 रुपये कर दी गई है। इसी तरह टोंड दूध (पाउच) के दाम 60 रुपये से बढ़कर 62 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं। डबल टोंड दूध के लिए अब ग्राहकों को 54 रुपये के बजाय 56 रुपये चुकाने होंगे। वहीं, गाय के दूध की कीमत 62 रुपये से बढ़ाकर 65 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है।
किसानों से महंगी खरीद बनी वजह
जानकारी के अनुसार, मदर डेयरी को किसानों से दूध खरीदने के लिए पहले की तुलना में अधिक भुगतान करना पड़ रहा है। कंपनी अपनी कुल कमाई का लगभग 75 से 80 प्रतिशत हिस्सा दूध की खरीद और किसानों को भुगतान करने में खर्च करती है। ऐसे में लागत बढ़ने के कारण कंपनी ने कीमतों में संशोधन किया है।
रोजाना 35 लाख लीटर दूध की सप्लाई
दिल्ली-NCR में मदर डेयरी प्रतिदिन करीब 35 लाख लीटर दूध बेचती है, जबकि देशभर में इसकी रोजाना बिक्री 50 लाख लीटर से ज्यादा है। कंपनी ने इससे पहले मई 2026 में भी दूध के दाम बढ़ाए थे। ऐसे में ताजा बढ़ोतरी से आम उपभोक्ताओं का मासिक बजट प्रभावित होना तय है।


