Delhi Punjab

कपिल मिश्रा का बड़ा आरोप-पंजाब में जानबूझकर लगाई जा रही पराली में आग, AAP नेताओं की भूमिका की जांच की मांग

दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा ने पंजाब में खेतों में जानबूझकर आग लगाए जाने का आरोप लगाते हुए आम आदमी पार्टी (AAP) के नेताओं की भूमिका की जांच कराने की मांग की है। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने दावा किया कि पंजाब के कई किसानों ने उन्हें फोन कर रात के समय खेतों में आग लगाए जाने की जानकारी दी। मिश्रा के मुताबिक, इस तरह की शिकायतें सरकार के अन्य लोगों को भी मिली हैं। मंत्री ने बताया कि सरकार की ओर से सैटेलाइट डेटा मंगवाया गया था। उनके दावे के अनुसार, 7 नवंबर को खेतों में आग लगने की 125 घटनाएं दर्ज की गईं, जबकि दिवाली की रात यह आंकड़ा अचानक बढ़कर 1,200 तक पहुंच गया। उन्होंने इसे किसानों और दिल्ली के नागरिकों के खिलाफ एक कथित साजिश करार दिया।

कपिल मिश्रा ने दिल्ली के प्रदूषण स्तर का जिक्र करते हुए दावा किया कि इस साल दिवाली के आसपास प्रदूषण में पिछले वर्षों के मुकाबले सुधार देखने को मिला है। उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि वर्ष 2023 में दिवाली से पहले और बाद के बीच प्रदूषण में 43.33 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई थी। वहीं, 2024 में यह वृद्धि करीब 10 प्रतिशत रही, जबकि इस साल प्रदूषण के स्तर में 1.33 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

मिश्रा ने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल से जुड़े लोगों की पंजाब में खेतों में आग लगाने की घटनाओं में भूमिका हो सकती है। उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की अपील की। इसके अलावा, उन्होंने दावा किया कि दिवाली को बदनाम करने का अभियान त्योहार से दो दिन पहले ही शुरू कर दिया गया था। मिश्रा ने यह भी आरोप लगाया कि पंजाब में जिन इलाकों में दिल्ली से आए AAP नेताओं ने दौरे किए, वहां खेतों में आग लगने की घटनाएं सामने आईं। उन्होंने संबंधित नेताओं के फोन रिकॉर्ड की जांच कराने की मांग भी उठाई।