देश की अग्रणी उद्योगपति परिवार से जुड़ीं रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन नीता अंबानी को Fortune India की ओर से जारी भारत की 100 सबसे पावरफुल महिलाओं की सूची में पहला स्थान मिला है। यह सम्मान उन्हें नेतृत्व, सामाजिक सेवा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया है।
जारी रैंकिंग में रोशनी नाडार मल्होत्रा दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि अपोलो हॉस्पिटल्स से जुड़ी रेड्डी सिस्टर्स—शोभना कामिनेनी, संगीता रेड्डी, प्रीथा रेड्डी और सुनीता रेड्डी—संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर शामिल हैं। सूची के शीर्ष 10 में डॉ. प्रीति अडानी, ईशा अंबानी, किरण मजूमदार-शॉ, सावित्री जिंदल, प्रिया नायर, बेला बजरिया और लीना नायर जैसी प्रभावशाली महिलाओं ने भी जगह बनाई है। खास बात यह रही कि नीता अंबानी की बेटी ईशा अंबानी इस सूची में सातवें स्थान पर रहीं।
सम्मान प्राप्त करने के बाद नीता अंबानी ने कहा कि वास्तविक नेतृत्व केवल उपलब्धियों से नहीं, बल्कि करुणा, समावेश और दूसरों को सशक्त बनाने की भावना से परिभाषित होता है। उन्होंने कहा कि भारत को ऐसी ‘सॉफ्ट पावर’ की आवश्यकता है, जिसकी नींव दया, सहानुभूति और सभी के प्रति सम्मान पर आधारित हो। साथ ही उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि लड़कियों को सशक्त बनाना ही एक मजबूत और विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत है।
गौरतलब है कि इस उपलब्धि से पहले 3 जुलाई को अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित टैम्पा शहर में नीता अंबानी को AAPI ह्यूमैनिटेरियन अवार्ड से भी सम्मानित किया गया था। यह सम्मान उन्हें स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, संस्कृति और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए American Association of Physicians of Indian Origin (AAPI) द्वारा प्रदान किया गया था। लगातार मिल रहे इन सम्मानों ने वैश्विक स्तर पर उनकी सामाजिक नेतृत्व क्षमता और प्रभाव को और मजबूत किया है।


