Madhya Pradesh

MPMRCL: चलती मेट्रो में अब मना सकेंगे बर्थडे, इंदौर मेट्रो की नई पहल

मध्यप्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने यात्रियों को आकर्षित करने और आय बढ़ाने के लिए इंदौर मेट्रो में एक अनोखी सुविधा शुरू की है। अब लोग चलती मेट्रो ट्रेन में बर्थडे पार्टी, पारिवारिक आयोजन या छोटे सामाजिक कार्यक्रम आयोजित कर सकेंगे। इस पहल का उद्देश्य सार्वजनिक परिवहन को लोगों की जीवनशैली का हिस्सा बनाना और यात्रियों को नया अनुभव देना है। नई व्यवस्था के तहत अधिकतम 50 लोगों तक के आयोजन की अनुमति होगी। चलती मेट्रो में एक घंटे के कार्यक्रम के लिए 7,000 रुपये शुल्क तय किया गया है, जबकि खड़ी मेट्रो में केवल केक कटिंग या छोटे आयोजन के लिए 5,000 रुपये देने होंगे। इसके अलावा, इच्छुक लोगों को कार्यक्रम से कम से कम 15 दिन पहले ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर बुकिंग करानी होगी और 20,000 रुपये की रिफंडेबल सिक्योरिटी राशि जमा करनी होगी।

मेट्रो प्रशासन ने सुरक्षा को लेकर सख्त नियम भी बनाए हैं। सभी प्रतिभागियों को सुरक्षा जांच से गुजरना अनिवार्य होगा और कार्यक्रम के दौरान शराब, बीड़ी, सिगरेट और पटाखों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। दरअसल, इंदौर मेट्रो में यात्रियों की संख्या अपेक्षा के अनुरूप नहीं बढ़ पाई है, जबकि संचालन पर प्रतिदिन करीब 8 लाख रुपये का खर्च आ रहा है। ऐसे में यह नई पहल यात्रियों को आकर्षित करने और मेट्रो को शहर की बदलती लाइफस्टाइल से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।