Crime Madhya Pradesh

MP: सागर जहरीली शराब कांड का 30 हजार का इनामी आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के सागर जिले में चर्चित जहरीली शराब कांड से जुड़े एक फरार आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान 21 वर्षीय शिवांजय राजपूत के रूप में हुई है। पुलिस ने उस पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। रविवार तड़के बहरोल थाना क्षेत्र में पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे घायल हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि छापरी गांव का रहने वाला शिवांजय राजपूत धामोनी-बहरोल मार्ग से अपने घर की ओर जाने वाला है। सूचना के आधार पर बांदरी थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह और बहरोल थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर दी।

पुलिस को देखते ही आरोपी ने मौके से भागने की कोशिश की और टीम पर कथित तौर पर तीन राउंड फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो राउंड गोली चलाई गई। इसी दौरान एक गोली आरोपी के पैर में लगी और पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 315 बोर का देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, तीन खोखे, एक मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल बरामद की गई। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस का दावा है कि शिवांजय राजपूत जहरीली शराब कांड में शराब की अवैध सप्लाई से जुड़ा प्रमुख आरोपी है और घटना के बाद से फरार था। उसके खिलाफ पहले से तीन गंभीर आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस अब इस मामले में फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध और जहरीली शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।